अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस पर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ का भव्य सम्मान
नई दिल्ली हनी प्रथम एजेंडा
हरि नगर स्थित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस बड़े ही सम्मान, उत्साह और गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ, महिला कर्मचारियों और डीएनओ टीम के समर्पण, सेवा भावना और अथक मेहनत को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने नर्सों को स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए उनकी जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरि नगर के विधायक श्याम शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें केवल मरीजों का इलाज नहीं करतीं, बल्कि अपने स्नेह, धैर्य और सेवा से उन्हें नया जीवन देने का कार्य करती हैं। विधायक ने कहा कि “एक मां की तरह नर्सें मरीजों की देखभाल करती हैं। दिन-रात बिना थके सेवा देना आसान नहीं होता, लेकिन हमारे अस्पतालों की नर्सें पूरी निष्ठा और मुस्कान के साथ यह जिम्मेदारी निभाती हैं। समाज को इन महिलाओं के योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।”
अस्पताल के एमडी डॉ. मृगेन्द्र दास ने नर्सिंग स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि अस्पताल की सफलता के पीछे नर्सों की सबसे बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि “डॉक्टर इलाज की दिशा तय करते हैं, लेकिन मरीज को स्वस्थ बनाने में नर्सें सबसे अहम भूमिका निभाती हैं। इनके धैर्य, सेवा और अनुशासन की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ पूरे समर्पण के साथ मानव सेवा में लगा हुआ है, जिस पर हमें गर्व है।”
डीएनएस नीलम सिंह ने भी नर्सिंग स्टाफ और महिला कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि “हर नर्स अपने परिवार से दूर रहकर हजारों मरीजों की देखभाल करती है। कई बार मुश्किल परिस्थितियों में भी नर्सें मुस्कुराते हुए अपनी ड्यूटी निभाती हैं। यह सेवा, त्याग और समर्पण का सबसे बड़ा उदाहरण है।”
कार्यक्रम में डीएनओ चेयरपर्सन अजीत चौधरी, सीपी सोनी, प्रेसिडेंट ममता, सुनीता चौधरी सहित डीएनओ टीम के सभी सदस्यों ने भाग लिया और नर्सिंग स्टाफ का सम्मान किया। मंच से महिला कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना की खुलकर प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पूरे अस्पताल परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नर्सिंग स्टाफ को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि नर्सें समाज की असली हीरो हैं, जिनकी मेहनत और सेवा के कारण हजारों लोगों को नया जीवन मिलता है। अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस का यह आयोजन महिलाओं के सम्मान, सेवा और समर्पण को समर्पित एक यादगार समारोह बन गया।
Leave a comment